बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचने वालों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई



लटेरी में छापामार कार्रवाई, दुकानदार के खिलाफ एफआईआर के लिए आवेदन

लटेरी (जिला विदिशा), 27 जुलाई 2025।
कृषि विभाग द्वारा किसानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नगर लटेरी के मदनखेड़ी चौराहे पर संचालित एक दुकान पर की गई छापामार कार्रवाई में दुकान संचालक के पास किसी प्रकार का वैध लाइसेंस या दस्तावेज़ नहीं पाए गए।

कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे एसएडीओ रितेश परमार ने जानकारी दी कि निरीक्षण के दौरान दुकान में कीटनाशकों की बिक्री होते पाई गई, लेकिन संचालक मो. जाकिर हुसैन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मुरवास थाना में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है।

इस कार्रवाई में कृषि विभाग के उप संचालक केएस खपेडिया और सहायक संचालक महेन्द्र ठाकुर भी मौजूद रहे। टीम ने मौके से सामग्री को जब्त कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया भी पूरी की।

बिना लाइसेंस के कारोबार पर प्रशासन सख्त

कृषि विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि बिना लाइसेंस के कीटनाशक या कृषि रसायनों की बिक्री करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग किसानों की सेहत और खेतों की सुरक्षा को लेकर सजग है और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से की अपील

विभाग ने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि वे हमेशा लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही कीटनाशक और खाद्य पदार्थ खरीदें। साथ ही, कोई भी संदेहास्पद गतिविधि देखने पर तुरंत विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ