गुना, 11 जुलाई | जिले के ग्रामीण नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर श्री किशोर कन्याल (IAS) के निर्देशानुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य आमजन की शिकायतों को स्थानीय स्तर पर सुनकर उन्हें शीघ्र हल करना है।
कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे तथा अपने-अपने विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों पर तत्परता से कार्यवाही कर संबंधित अधिकारी, अपने क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
यह कदम न केवल शासन-प्रशासन को जनता के करीब लाता है, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा वितरण को भी मजबूती प्रदान करता है।
जनहित में लाभकारी पहल
यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक पहुँच को मजबूत करेगा तथा दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। कलेक्टर की इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है और ग्रामीणजन इस व्यवस्था को लेकर उत्साहित हैं।
सरकार और प्रशासन की इस सहभागिता को “ग्राम स्तर पर सुशासन” की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।




0 टिप्पणियाँ