विदिशा, 17 जुलाई। विदिशा जिला मुख्यालय पर 20 अगस्त से 2 सितम्बर तक प्रस्तावित आर्मी भर्ती रैली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार को कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी से आर्मी के अधिकारियों ने सौजन्य भेंट कर रैली आयोजन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ) भोपाल के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जयशंकर ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए ऑनलाईन पंजीकरण 12 मार्च से 25 अप्रैल तक किया गया था, एवं प्रवेश पत्र 30 जून से 10 जुलाई के बीच जारी किए गए हैं। अब 20 अगस्त से भर्ती रैली की शुरुआत होगी, जो 2 सितम्बर तक चलेगी।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने आश्वस्त किया कि रैली के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएंगी। पुलिस अधीक्षक श्री काशवानी ने पूर्व अनुभवों के आधार पर सुरक्षा व कानून व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के सुझाव दिए।
स्टेडियम का निरीक्षण
बैठक के उपरांत कर्नल जयशंकर, अन्य सैन्य अधिकारियों तथा जिला खेल अधिकारी श्री प्रदीप रावत ने संयुक्त रूप से विदिशा खेल स्टेडियम परिसर का निरीक्षण किया एवं आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का मौके पर ही जायजा लिया।




0 टिप्पणियाँ