गुना, 25 जून 2025 — गुना जिले की राघौगढ़ तहसील स्थित ग्राम धरनावदा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच ग्रामीणों की कुएं में डूबने से मृत्यु हो गई। यह हादसा तब हुआ जब गांव के कुछ युवक एक गाय को बचाने के प्रयास में फार्म हाउस के कुएं में उतरे। गाय तो नहीं बच सकी, लेकिन इस मानवीय प्रयास में पांच जानें चली गईं। हादसे में पवन कुशवाहा को जीवित बचा लिया गया।
मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सहरिया (25), सोनू कुशवाह (25), मन्नू कुशवाह (33), शिवलाल साहू (45), और गुरुदयाल ओझा (40) के रूप में की गई है। सभी मृतक ग्रामीणों की गिनती गांव के मेहनतकश और सहयोगी नागरिकों में होती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री किशोर कन्याल (IAS) और पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। बचाव कार्य में SDERF, होमगार्ड, NFL और GAIL की टीमों ने तत्परता से भाग लिया। सभी शवों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां सिविल सर्जन द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया।
कलेक्टर ने मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा और अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के लिए एसडीएम राघौगढ़ को निर्देशित किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राघौगढ़ विधायक श्री जयवर्धन सिंह भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। साथ ही उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव से मांग की है कि प्रत्येक मृतक परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाए और एक सदस्य को शासकीय नौकरी प्रदान की जाए, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।




0 टिप्पणियाँ