आज दिनांक 26 जून को 147-सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, जनपद अध्यक्षों, नगरीय निकायों के अध्यक्ष/उपाध्यक्षों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के यशस्वी, प्रभावशाली एवं जनहितैषी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर क्षेत्र के समग्र विकास हेतु विस्तृत मांगपत्र सौंपा।
इस मांगपत्र में सिरोंज को जिला बनाने, राजधानी परियोजना में सिरोंज व लटेरी को सम्मिलित करने, आनंदपुर में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना, सिरोंज-लटेरी के लिए नवीन रेल लाइन की स्वीकृति, और किसानों की समृद्धि हेतु सिंचाई परियोजनाओं की स्वीकृति जैसे बहुप्रतीक्षित मुद्दों को शामिल किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने प्रतिनिधिमंडल से आत्मीय भेंट करते हुए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार के समन्वय से यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रतिनिधियों को व्यक्तिगत स्नेहाशीर्वाद भी प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लोक निर्माण विभाग द्वारा क्षेत्र में सर्वाधिक सड़क मार्ग स्वीकृत किए जाने के लिए सभी को बधाई दी।
इसी क्रम में सिरोंज-लटेरी के लोकप्रिय विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय भोपाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त (VD) शर्मा से प्रतिनिधिमंडल सहित भेंट की। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को भी उक्त मांगों से अवगत कराते हुए संगठन स्तर पर सहयोग का आग्रह किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शाल, श्रीफल, उत्तरीय, पुष्पमालाएं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। श्री शर्मा के मार्गदर्शन और प्रेरणादायक संबोधन से कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया।
यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूर्व में भी आनंदपुर में शासकीय महाविद्यालय की घोषणा कर चुके हैं, वहीं रेलवे लाइन को लेकर केंद्रीय मंत्री से चर्चा कर सकारात्मक पहल का संकेत दिया था। अब पुनः मांगपत्र के माध्यम से घोषणाओं की स्मृति दिलाकर स्वीकृति की मांग क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को “11 साल बेमिसाल” के उपलक्ष्य में सिरोंज आगमन का निमंत्रण भी सौंपा है, जिसे उन्होंने स्नेहपूर्वक स्वीकार करने का आश्वासन दिया।
इस ऐतिहासिक मुलाकात ने क्षेत्रवासियों के विकास के प्रति विश्वास को और अधिक प्रबल किया है।




0 टिप्पणियाँ