शाहपुर रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सफल, यातायात हुआ सुगम

विदिशा/नटेरन – नटेरन एसडीएम के निर्देश पर सोमवार को शाहपुर रोड पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही राजस्व, पुलिस और लोक निर्माण विभाग के संयुक्त अमले द्वारा संपन्न की गई। यह कार्रवाई तहसीलदार श्री आनंद कुमार जैन की उपस्थिति में की गई, जिसमें कई महीनों से सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाया गया।

श्री जैन ने बताया कि शाहपुर रोड पर लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र में कुछ ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण कर रास्ते को संकरा कर दिया गया था, जिससे न केवल आवागमन में परेशानी हो रही थी बल्कि सड़क निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा था।

दिनांक 21 मई को संबंधित विभागों के समन्वय से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई, जिसके पश्चात लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य हेतु भूमि सौंपी गई और मौके पर कार्य प्रारंभ भी करा दिया गया।

इस अभियान में नायब तहसीलदार श्री एच.एस. नामदेव, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, एवं राजस्व विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में नागरिकों को राहत मिली है और यातायात अब सुगम हो गया है।

जनसंपर्क, मध्यप्रदेश
राजस्व विभाग, मध्यप्रदेश

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ