विदिशा – देश की वर्तमान बाह्य एवं आंतरिक सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देश पर रविंद्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन, विदिशा में नागरिक सुरक्षा हेतु विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण का संचालन स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीईआरएफ) द्वारा किया गया, जिसमें 131 आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में समाज सेवा हेतु तैयार करने के लिए व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में नागरिकों को हवाई हमलों एवं अन्य आपदाओं की स्थिति में सतर्क और सक्षम बनाना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण सत्र नागरिकों को 'सिविल डिफेंस वालंटियर' के रूप में तैयार करते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान जिला सेनानी श्री मयंक कुमार जैन, प्लाटून कमांडर रश्मि दुबे, एएसआई लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा एवं एसडीईआरएफ टीम ने उपस्थित नागरिकों को सीएसएसआर (कॉम्बैट सर्च एंड रेस्क्यू), एमएफआर (मेडिकल फर्स्ट रिस्पॉन्स), आपदा प्रबंधन, अग्निशमन, प्राथमिक उपचार तथा हवाई हमलों के पश्चात बचाव और राहत कार्यों की गहन जानकारी दी।
इस अवसर पर एडीई श्री भूपेंद्र हुंडेत, पीसीओ श्री महेश शर्मा, बीपीओ श्री राकेश तिवारी, तथा भारत भूषण शर्मा, लेखपाल, जनपद पंचायत विदिशा भी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण न केवल नागरिकों को आपदा प्रबंधन में सहयोगी बनाएगा, बल्कि समाज सेवा की दिशा में भी उन्हें एक नई जिम्मेदारी से जोड़ता है।




0 टिप्पणियाँ