लटेरी (महोटी), 12 मई 2025 – ग्राम महोटी, तहसील लटेरी में आयोजित नव कुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के पावन अवसर पर सिरोंज विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने सहभागिता करते हुए एक जांबाज़ सैनिक के पिता का सार्वजनिक रूप से सम्मान कर देशसेवा को नमन किया।
विधायक उमाकांत शर्मा ने बताया कि ग्राम महोटी निवासी वीर सैनिक श्री देवेंद्र सिंह मीणा, जिनकी 17 मई को शादी निर्धारित थी, ने अपनी छुट्टी निरस्त कर शादी स्थगित की और भारत माता की सेवा में सीमा पर लौट गए। इस अद्वितीय त्याग और देशभक्ति के प्रतीक निर्णय पर विधायक शर्मा ने उनके पिता श्री फूल सिंह मीणा को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक शर्मा ने कहा, “ऐसे महान पिता जिन्होंने राष्ट्र के लिए समर्पित पुत्र को जन्म दिया और उसका निर्णय समर्थन किया, वे समाज के लिए प्रेरणा हैं।" इस सम्मान समारोह में ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर श्री श्री 108 महंत पुरुषोत्तम दास जी महाराज (आमझिर आश्रम) के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। यज्ञ वेदी की परिक्रमा की गई तथा यज्ञाचार्य पंडित श्री प्रशांत शास्त्री (मवना वाले, अशोकनगर) और कथाव्यास पंडित श्री रामेश्वर शर्मा सहित विद्वान पंडितों का सम्मान एवं अभिनंदन भी विधायक द्वारा किया गया।




0 टिप्पणियाँ