कलेक्टर एवं एसपी ने किया कंट्रोल रूम का संयुक्त निरीक्षण

विदिशा, 12 मई 2025 – जिला कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने आज संयुक्त रूप से जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने कंट्रोल रूम प्रभारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी सूचनाओं को व्यवस्थित रूप से पंजी में दर्ज किया जाए और उन्हें शीघ्र ही वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने सुरक्षा संबंधी सूचनाओं की त्वरित प्राप्ति के लिए पुलिस विभाग के एक कर्मचारी की विशेष रूप से तैनाती की जानकारी दी। उक्त कर्मचारी को संचार के लिए आवश्यक उपकरण भी प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कंट्रोल रूम कर्मचारियों को सूचना संप्रेषण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया, संयुक्त कलेक्टर एवं कंट्रोल रूम प्रभारी श्रीमती शशि मिश्रा सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ