कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने जिलेवासियों से किया सावधानी बरतने का आग्रह, अगले दो दिनों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी

विदिशा, 6 मई। जिले में आगामी दो दिनों के भीतर आंधी-तूफान और बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा अगले 48 घंटों के भीतर तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, ऐसे में नागरिक सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने विशेष रूप से छोटे बच्चों को घरों की छतों पर जाने से रोकने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा दोपहिया वाहनों को सावधानीपूर्वक चलाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सावधानी से ही संभावित आपदाओं से बचा जा सकता है।

प्रशासन द्वारा नागरिकों से यह भी आग्रह किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी प्रशासनिक अधिकारी या आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से संपर्क करें। इस दौरान जिला प्रशासन पूर्णतः सतर्क है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ