विधायक उमाकांत शर्मा समेत नागरिकों ने लटेरी तालाब में किया श्रमदानजल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण की पहल

लटेरी। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सोमवार को लटेरी नगर के हनुमान मंदिर स्थित तपोवन भूमि तालाब में श्रमदान किया गया। इस अवसर पर सिरोंज-लटेरी क्षेत्र के विधायक उमाकांत शर्मा, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिकों व युवाओं ने मिलकर तालाब की सफाई और सौंदर्यकरण कार्यों में श्रमदान कर एक प्रेरणादायक पहल की।

विधायक उमाकांत शर्मा ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान पूरे मध्यप्रदेश में प्रारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक जलस्रोतों—तालाबों, कुओं, बावड़ियों और खेत तालाबों—का संरक्षण और पुनरुद्धार करना है। इसके अंतर्गत पुराने जलस्रोतों की सफाई व निर्माण कार्य किया जा रहा है ताकि इनमें वर्षभर स्वच्छ जल बना रहे और ये हमारी सांस्कृतिक धरोहरों के रूप में जीवित रह सकें।

विधायक ने कहा कि लटेरी तालाब की सफाई के साथ इसका सौंदर्यकरण कार्य नगर परिषद लटेरी द्वारा कराया जा रहा है। तालाब के चारों ओर घाट निर्माण और अन्य सौंदर्य कार्यों की योजना बनाई गई है, जिससे यह तालाब न केवल जलस्रोत के रूप में, बल्कि एक आकर्षक स्थल के रूप में विकसित हो सके।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: विधायक प्रतिनिधि अतु भंडारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकवर बघेल, मंडल अध्यक्ष राम गुलाम राजोरिया, जितेंद्र रघुवंशी, महेंद्र सिंह राजपूत, शिवकुमार शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित कुशवाह, पार्षद राहुल साहू, महेश साहू, पवन कुशवाह, बबलू शर्मा, थाना प्रभारी जय कुमार सिंह, परिषद के इंजीनियर व कर्मचारीगण।

तालाब की सफाई और संरक्षण के इस सामूहिक प्रयास ने जनभागीदारी की एक मिसाल पेश की है, जिससे न केवल जल स्रोत संरक्षित होंगे बल्कि पर्यावरणीय जागरूकता भी बढ़ेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ