विदिशा, 3 मई। ग्यारसपुर में शनिवार को आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के वृहद सम्मेलन में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने करोड़ों रुपये की लागत से पूर्ण हुए निर्माण कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित 1640 हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया तथा 1308 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
वैज्ञानिक पहुंचेंगे खेतों तक:
श्री चौहान ने बताया कि 29 मई से कृषि वैज्ञानिकों की चार टीमें 15 दिन तक जिले में भ्रमण कर किसानों को उन्नत तकनीकों की जानकारी देंगी। यह प्रयास किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद करेगा।
जलगंगा अभियान का जिक्र करते हुए, उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत जलसंचय रचनाओं और खेत तालाब योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में 625 खेत तालाब और डगवेल रीचार्ज कार्यों की योजना 5.94 करोड़ की लागत से बनाई गई है।
प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने कहा कि मप्र में शुरू की गई कई लोककल्याणकारी योजनाएं अब अन्य राज्यों में भी अपनाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में बीमारू की श्रेणी में शामिल रहा मप्र आज विकसित राज्यों की कतार में खड़ा है।
लोकार्पण/भूमिपूजन:
इस मौके पर कुल 11.84 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनमें अहमदपुर में स्टॉपडेम-पुलिया, प्राथमिक शाला भवन, नलजल प्रदाय योजनाएं, सामुदायिक भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण सड़क और जलगंगा अभियान के अंतर्गत कार्य शामिल हैं।
विशेष उपस्थिति:
कार्यक्रम में बासौदा विधायक श्री हरिसिंह रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे, विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, पूर्व विधायक श्रीमती लीना जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, ग्रामीणजन एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहें।




0 टिप्पणियाँ