ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सिरोंज में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, हजारों लोगों ने लहराया राष्ट्रीय ध्वज


देशभक्ति, सौहार्द और एकता का अनूठा प्रदर्शन
सिरोंज (विदिशा): भारतीय सेना के पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को समर्पित सिरोंज शहर में बुधवार को एक ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व विधायक उमाकांत शर्मा ने किया, जिसमें सभी समाज, वर्ग और धर्मों के नागरिकों ने भाग लेकर देशभक्ति की मिसाल पेश की। इस जनसैलाब में शामिल हजारों लोगों के हाथों में लहराता तिरंगा पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

पूर्व सैनिकों की अगुवाई में निकली यात्रा
तिरंगा यात्रा की शुरुआत शाम 4 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सीएम राइज स्कूल) से हुई। यात्रा की अगुवाई एक खुली जीप में बैठे पूर्व सैनिकों ने की, जो तिरंगा लहराते हुए सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे सभी समाज वर्ग की प्रमुख महिलाओं की जीप थी, जिसके बाद महिलाओं का विशाल जत्था तिरंगा थामे चल रहा था। इसके बाद पुरुषों और युवाओं की टोलियां जोश और जयघोष के साथ यात्रा में शामिल रहीं।
यात्रा का रूट और समापन
यह यात्रा कठाली बाजार, सराफा बाजार, मुख्य बाजार, बड़ा बाजार, चांदनी चौक, कोटगेट, जनपद पंचायत, नगरपालिका कार्यालय से होते हुए नवीन बस स्टैंड स्थित तात्या टोपे प्रतिमा पर सम्पन्न हुई। मूलतः इसका समापन आंबेडकर चौक पर होना था, लेकिन अत्यधिक भीड़ को देखते हुए स्थान में परिवर्तन किया गया।

5 हजार से अधिक नागरिकों की सहभागिता
इस भव्य यात्रा में सिरोंज, लटेरी, आनंदपुर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए 5,000 से अधिक नागरिक, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, महिलाएं, युवा, धार्मिक नेता और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

देशभक्ति के नारों से गूंज उठा सिरोंज
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा। युवाओं की टोली डीजे की देशभक्ति धुनों पर नाचते-गाते आगे बढ़ रही थी, वहीं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति यात्रा की शोभा बढ़ा रही थी।

विधायक उमाकांत शर्मा का नागरिकों को आभार
विधायक उमाकांत शर्मा ने तिरंगा यात्रा में भाग लेने वाले सभी नागरिकों, समाज प्रमुखों, धर्मगुरुओं, पूर्व सैनिकों और महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "यह यात्रा केवल सेना के सम्मान के लिए नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। सिरोंज ने फिर से दिखा दिया कि हम सब एक हैं।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ