चार लोगों की दर्दनाक मृत्यु, 12 घायल – मुख्यमंत्री ने जताया शोक, आर्थिक सहायता की घोषणा

सिरोंज, 2 मई 2025: विधानसभा क्षेत्र सिरोंज अंतर्गत एनएच 752B मदागन घाटी में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार पहिया वाहन के फिसलकर पलट जाने से विवाह समारोह में शामिल होने इंदौर से सिरोंज आ रहे 15 लोगों में से तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद विदिशा जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

दुर्घटना के बाद शोक की लहर:

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक उमाकांत शर्मा, विदिशा कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, एसपी श्री रोहित काशवानी, स्थानीय प्रशासन, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी शासकीय अस्पताल लटेरी पहुंचे। उन्होंने मृतकों और घायलों के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा कि दु:ख की इस घड़ी में वे और मध्यप्रदेश सरकार शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि:

मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से ₹2 लाख की आर्थिक सहायता
गंभीर रूप से घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि प्रदान की जाएगी

सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने भी हादसे पर गहरा शोक प्रकट करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

शोक संदेश:

> “मैं दिवंगत पुण्यात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूँ कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
– विधायक उमाकांत शर्मा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ