आनंदपुर में जन चेतना मंच के नेतृत्व में नुक्कड़ सभा आयोजित, पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित

आनंदपुर, विदिशा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के विरोध में जन चेतना मंच के नेतृत्व में आज आनंदपुर कस्बे के जावती चौराहा पर एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में विभिन्न सामाजिक संगठनों, संघों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर हमले में मारे गए भारतीयों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ की गई, जिसमें शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता पर हमला बताया और केंद्र सरकार से आतंक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान "आतंकवाद मुर्दाबाद!" जैसे नारे गूंजे और नागरिकों में इस हमले को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। जन चेतना मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जागरूक करने और राष्ट्र के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने का माध्यम हैं।

सभा के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे देश की एकता और अखंडता के लिए हमेशा सजग रहेंगे और आतंक के किसी भी रूप का डटकर विरोध करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ