विदिशा, मध्यप्रदेश। लटेरी अनुभाग क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों की ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत लापरवाही बरतने पर 7 उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
लटेरी एसडीएम श्री विनीत तिवारी द्वारा स्पष्ट निर्देशों के बावजूद संबंधित विक्रेताओं द्वारा आज दिनांक तक एक भी हितग्राही की ई-केवाईसी नहीं की गई। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सभी को 3 दिवस के भीतर उचित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अनुपालन न करने की स्थिति में दुकान निलंबन की कार्यवाही की जाएगी।
कारण बताओ नोटिस प्राप्त करने वाले विक्रेता इस प्रकार हैं:
1. विक्रम लोधी – धीरगढ़
2. रामेश्वर धाकड़ – झिरारी
3. शाहिद खान – बलरामपुर
4. रनजीत यादव – उनारसी कला
5. ज्ञान सिंह – तिलोनी
6. जीवनलाल – लालचिया
7. शिवओम दुबे – ताजपुर
जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि ऑनलाइन वितरण रिपोर्ट के अनुसार इन दुकानों से जुड़े हितग्राहियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में शून्य प्रगति दर्ज की गई है, जबकि कलेक्टर विदिशा द्वारा 30 दिसंबर 2025 तक शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
यह लापरवाही मप्र सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 की कंडिका 10(3) का उल्लंघन है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि लापरवाह विक्रेताओं के विरुद्ध एकतरफा कार्रवाई करते हुए दुकानें निलंबित की जा सकती हैं।
जनसम्पर्क, मध्यप्रदेश




0 टिप्पणियाँ