एसडीएम चौधरी का सख्त एक्शन: वेयरहाउस और अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण, कर्मचारियों को दी चेतावनी

सिरोंज।‌ सिरोंज में किसानों से रिश्वतखोरी की बढ़ती शिकायतों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सोमवार को एसडीएम हर्षल चौधरी ने क्षेत्र के कई वेयरहाउस और शासकीय अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी।

वेयरहाउस निरीक्षण: रिश्वत पर चेतावनी

हाल ही में निधि वेयरहाउस पर किसानों की ट्रालियों को पास कराने के एवज में रिश्वत मांगे जाने का वीडियो वायरल हुआ था। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम हर्षल चौधरी ने सोमवार को महामाई वेयरहाउस, वैभव वेयरहाउस सहित कई अन्य वेयरहाउसों पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसी भी कर्मचारी द्वारा किसानों से पैसे की मांग की गई और इसकी जानकारी मुझे मिली, तो न केवल सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी, बल्कि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

अस्पताल निरीक्षण: मरीजों से की सीधी बात

इसी दिन एसडीएम चौधरी ने शासकीय राजीव गांधी चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनरल वार्ड, ओपीडी सहित विभिन्न विभागों में जाकर मरीजों से सीधे बातचीत की और चिकित्सा सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान की जाए।

एसडीएम चौधरी की यह सख्त कार्रवाई क्षेत्र में प्रशासनिक सतर्कता का संदेश देती है और आमजन की समस्याओं के प्रति गंभीरता को भी दर्शाती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ