लटेरी। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे लटेरी तहसील कार्यालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कालादेव (थाना उनारसीकला) निवासी अरविंद अहिरवार मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।
अरविंद का आरोप था कि थाना उनारसीकला के प्रभारी द्वारा झूठे मामले में फंसाकर उसे और उसके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने एसपी रोहित काशवानी से बात करने की जिद की और जब तक बात नहीं होगी, तब तक टावर से नहीं उतरने की बात दोहराता रहा।
स्थानीय प्रशासन लगातार उसे नीचे उतारने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह तीन घंटे से ज्यादा समय तक टावर पर ही डटा रहा। स्थिति को गंभीर होता देख प्रशासन ने उसके परिजनों और गांव के सरपंच को बुलाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत और परिजनों की समझाइश के बाद आखिरकार अरविंद टावर से नीचे उतरा।
भूसे के विवाद से शुरू हुआ मामला
एसडीओपी अजय मिश्रा ने बताया कि अरविंद और उसके भाइयों के खिलाफ एक पुराने भूसा विवाद को लेकर मामला दर्ज किया गया था। वहीं, अरविंद की रिपोर्ट पर दूसरे पक्ष चौरसिया पर भी केस दर्ज हुआ था। दोनों पक्षों पर कार्रवाई के चलते अरविंद नाराज था और इसी कारण वह टावर पर चढ़ा था।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, वहीं युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।




0 टिप्पणियाँ