भव्य स्वागत के साथ बगरोदा पहुंचीं सांसद डॉ. लता वानखेडे, रेलवे लाइन और संवाद केंद्र की घोषणाएं

सिरोंज। विदेश यात्रा से लौटने के बाद सागर-सिरोंज संसदीय क्षेत्र की सांसद डॉ. लता वानखेडे ने सोमवार को ग्राम बगरोदा का दौरा किया, जहां उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। सांसद लगभग 4 दर्जन गाड़ियों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और फूलमालाओं के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया। कन्याओं ने पारंपरिक रूप से कलश के साथ आरती उतारकर स्वागत किया।

बगरोदा को लिया गोद, रेलवे लाइन और संवाद केंद्र की घोषणा

अपने संबोधन में सांसद वानखेडे ने ग्राम बगरोदा को गोद लेने, सिरोंज क्षेत्र में रेलवे लाइन लाने और जल्द ही सिरोंज में सांसद संवाद केंद्र शुरू करने की घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि संवाद केंद्र शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को समस्याएं सुलझाने के लिए सागर तक नहीं जाना पड़ेगा।

भारत का नेतृत्व कर गर्व महसूस हुआ

सांसद ने बताया कि उन्हें उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित अंतर-संसदीय संघ की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व का क्षण था। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यों की सराहना

डॉ. वानखेडे ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि "डबल इंजन" की सरकार के कारण अब ग्रामीण क्षेत्र भी शहरों जैसा विकास देख रहे हैं। उन्होंने पीएम आवास योजना, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचने की बात कही।

कार्यक्रम के आयोजक रहे वरिष्ठ भाजपा नेता मान सिंह रघुवंशी

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ भाजपा नेता मान सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सांसद ने जनता से प्राप्त समर्थन और स्नेह के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ