पहलगाम आतंकी हमले में इंदौर के सुशील नथानियल की मौत, बेटी आकांक्षा घायल

इंदौर/पहलगाम, 23 अप्रैल 2025 – जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकवादी हमले में इंदौर निवासी सुशील नथानियल की मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे। हमले में सुशील की बेटी आकांक्षा घायल हुई हैं, जिन्हें पैर में गोली लगी है।

घटना बैसारन घाटी में दोपहर 2:45 बजे हुई, जिसमें कुल 27 लोगों की जान गई और 20 से अधिक घायल हुए। इंदौर के वीणा नगर निवासी सुशील नथानियल अलीराजपुर स्थित एलआईसी की सैटेलाइट शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह चार दिन पहले ही अपने बेटे ऑस्टिन गोल्डी (21), बेटी आकांक्षा (30) और पत्नी जेनिफर के साथ कश्मीर पहुंचे थे।

धर्म पूछकर मार डाला

सुशील के भाई विकास नथानियल के अनुसार, आतंकवादियों ने पहले सुशील को घुटनों पर बैठाया और कलमा पढ़ने के लिए मजबूर किया। जब उन्होंने खुद को ईसाई बताया, तो आतंकियों ने उन्हें गोलियों से भून दिया। सुशील ने हमले से ठीक पहले अपनी पत्नी को छिपा दिया और खुद सामने खड़े हो गए।

घायल आकांक्षा सूरत में बैंक ऑफ बड़ौदा में फर्स्ट क्लास ऑफिसर हैं। ऑस्टिन गोल्डी बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। सुशील की पत्नी जेनिफर खातीपुरा स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं।

सुशील का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के जोबट का रहने वाला है। वर्तमान में वे इंदौर के एमआर-10 स्थित अभिनंदन नगर में निवास करते थे।

हमले ने पूरे प्रदेश और देश को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ