पहलगाम आतंकी हमला: तीन आतंकियों के स्केच जारी, शाम 6 बजे नई दिल्ली में CCS बैठक

नई दिल्ली/पहलगाम, 23 अप्रैल 2025 – जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए भीषण आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। इस हमले में 27 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन 'द रजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) ने ली है।

हमले के मद्देनज़र प्रधानमंत्री आवास पर आज शाम 6 बजे सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की आपात बैठक बुलाई गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जो इस समय पहलगाम के दौरे पर हैं, उनके दिल्ली लौटने के बाद बैठक शुरू होगी। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री समेत शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।

सुरक्षा एजेंसियों ने हमले के तीन संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी कर दिए हैं। इनकी पहचान आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबु तल्हा के रूप में की गई है। हालांकि किस स्केच में कौन है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। इंटेलिजेंस रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में दो विदेशी और दो स्थानीय आतंकी शामिल थे।

सूत्रों के मुताबिक, इस हमले का मास्टरमाइंड सैफुल्लाह खालिद है, जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के रावलकोट से ऑपरेट करता है। बताया जा रहा है कि सैफुल्लाह ने एक महीने पहले इस हमले की चेतावनी दी थी। उसका 2019 का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह कहता है, “कश्मीर का मसला ठंडा नहीं होने देंगे।”

वहीं पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बयान जारी कर कहा है कि इस हमले में पाकिस्तान का कोई हाथ नहीं है।

हमले के बाद इलाके में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है और पूरे पहलगाम क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ