गुना | कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देश एवं अभिहित अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग गुना द्वारा हॉकर्स जोन चौपाटी पर फास्ट फूड विक्रेताओं के विरुद्ध औचक निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्यवाही की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शास्त्री पार्क मंडीज स्थित चौपाटी पर विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए विक्रेताओं को साफ-सफाई, स्वच्छ जल प्रयोग एवं खाद्य सामग्री के उचित रख-रखाव के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मैसूर फास्ट फूड कॉर्नर से चाऊमीन, मंचूरियन, सांभर एवं पास्ता, जय महाकाल पावभाजी सेंटर से चाऊमीन, भाजी, मंचूरियन एवं पास्ता तथा आगरा चाट भंडार से पानीपुरी एवं आलू टिक्की के सैम्पल एकत्रित किए गए। इन सभी सैम्पलों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच और सैंपलिंग की कार्यवाही जारी रहेगी ताकि आमजन को सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकें।
0 टिप्पणियाँ