विदिशा, 3 अगस्त 2026: विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान समेत विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की. बैठक में डेंगू-मलेरिया की रोकथाम, बसों की फिटनेस, राशन दुकानों की ई-केवाईसी, फसल बीमा और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए.
7 अगस्त से ग्राम पंचायत स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का लक्ष्य है. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए.
डेंगू-मलेरिया की रोकथाम पर विशेष जोर
बैठक में जिले में डेंगू और मलेरिया की स्थिति की समीक्षा की गई. कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों में नियमित दवा छिड़काव, लार्वा सर्वे और अन्य जरूरी नियंत्रण गतिविधियां प्रभावी तरीके से संचालित करने को कहा. इन गतिविधियों की साप्ताहिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए.
कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को मेडिकल स्टोर्स से डेंगू और मलेरिया की दवाएं खरीदने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए. उनका कहना था कि इससे दोनों बीमारियों के मरीजों की वास्तविक संख्या का अधिक सटीक आकलन करने में मदद मिल सकेगी.
इसके अलावा जिले के थोक दवा लाइसेंसधारकों की सूची तैयार करने और संबंधित क्षेत्रों में तहसीलदार व फूड सेफ्टी ऑफिसर की संयुक्त टीम बनाकर थोक दवा विक्रेताओं की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए.
अनफिट बसें मिलीं तो होगी कार्रवाई
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने जिला परिवहन विभाग को नियमित वाहन चेकिंग के निर्देश दिए. आरटीओ को प्रतिदिन वाहनों की जांच करने और जिले में अनफिट बसों का संचालन नहीं होने देने को कहा गया.
कलेक्टर ने कहा कि बसों की फिटनेस की नियमित जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए. उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.
अखबारों में प्रकाशित खबरों पर भी होगी कार्रवाई
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की कतरनों के आधार पर संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी भी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाचार पत्रों में प्रकाशित जनहित से जुड़े मामलों का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
बैठक में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सामाजिक न्याय, श्रम, वन, जनजातीय कार्य, सहकारिता और नगरीय एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई.
राशन दुकानों की ई-केवाईसी जल्द पूरी करने के निर्देश
कलेक्टर ने जिले की सभी राशन दुकानों की ई-केवाईसी का काम पूरा कराने के निर्देश दिए. एसडीएम को स्थानीय स्तर पर राशन दुकान संचालकों की बैठक लेकर प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के लिए कहा गया. इसके साथ ही नवीन पात्रता पर्ची जारी करने की प्रगति की भी समीक्षा की गई.
बैठक में होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की कार्यशालाओं, नापतौल विभाग की जांच कार्रवाई और पीएम विश्वकर्मा योजना की भी समीक्षा की गई.
कस्टम हायरिंग सेंटर की मशीनों का होगा सत्यापन
कलेक्टर ने निजी कस्टम हायरिंग सेंटर की मशीनों के उपयोग का मौके पर जाकर सत्यापन कराने के निर्देश दिए. उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों और स्थानीय एसडीएम को इसकी जांच सुनिश्चित करने को कहा.
गांव-गांव जाकर किसानों को फसल बीमा की जानकारी
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किए गए भ्रमण रथ के जरिए गांव-गांव पहुंचकर किसानों को योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए गए. किसानों का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराने पर भी जोर दिया गया.
कलेक्टर ने कृषि, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित करें.




0 टिप्पणियाँ