गुना: एसडीएम मंजुषा खत्री ने किया आंगनबाड़ी केंद्र एवं सिविल अस्पताल आरोन का औचक निरीक्षण

गुना, आरोन | अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) आरोन सुश्री मंजुषा खत्री ने शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 13 एवं सिविल अस्पताल आरोन का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में दर्ज 300 बच्चों की उपस्थिति, पोषण स्तर, शैक्षणिक गतिविधियों एवं वैक्सीनेशन की स्थिति की गहन जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित सहायिका को निर्देश दिए कि बच्चों को समुचित पोषण एवं शिक्षा सुनिश्चित की जाए, साथ ही सभी आवश्यक रजिस्टर अद्यतन रखें।

इसके पश्चात एसडीएम सुश्री खत्री ने सिविल अस्पताल आरोन का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने एम्बुलेंस सुविधा, ओपीडी सेवाएं, एनआरसी (न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर) तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के समय ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) श्री महेश राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ