पहलगाम आतंकी हमले के बाद मध्यप्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, गृह मंत्रालय के निर्देशों के पालन के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित

भोपाल। पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में हुए आतंकी हमले के बाद मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस मुख्यालय भोपाल में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गृह मंत्रालय से जारी निर्देशों के कड़ाई से पालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रदेश में रह रहे पाकिस्तानी वीजा धारकों को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तय समय-सीमा के बाद केवल लंबी अवधि के वीजा, राजनयिक वीजा और आधिकारिक वीजा धारकों को ही प्रदेश में रहने की अनुमति दी जाएगी। अन्य सभी पाकिस्तानी नागरिकों को प्रदेश से बाहर किए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही, प्रदेश में अध्ययनरत जम्मू-कश्मीर के छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि प्रदेश के सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति में प्रदेश में शांति एवं कानून व्यवस्था से समझौता न हो।

प्रदेश सरकार ने कहा है कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ