मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबल योजना, किसान सम्मान निधि और कन्या विवाह योजना की राशि सिंगल क्लिक से की जारी

विदिशा, 30 अप्रैल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज धार जिले के उमरबन में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के समस्त जिलों, तहसीलों, जनपदों एवं ग्राम पंचायतों में किया गया।

विदिशा जिले में 13.55 करोड़ की सहायता और 45.73 करोड़ की किसान निधि हस्तांतरण

मुख्यमंत्री ने संबल योजना के अंतर्गत विदिशा जिले के 600 हितग्राहियों को कुल 13.55 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। वहीं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत जिले के 2,28,663 कृषकों को वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त के रूप में लगभग 45.73 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर विदिशा एनआईसी वीसी कक्ष में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता रघुवंशी, विधायक श्री मुकेश टण्डन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री वीर सिंह रघुवंशी एवं कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने हितग्राहियों को हितलाभ प्रमाण पत्र सौंपे।

विधायक मुकेश टण्डन ने बनवाई किसान फार्मर आईडी

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री मुकेश टण्डन ने अपनी फार्मर आईडी एनआईसी वीसी कक्ष में बनवाई। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने उन्हें फार्मर आईडी का प्रिंटआउट सौंपा। यह पहल किसानों को योजनाओं से जोड़ने में सहायक होगी।

अक्षय तृतीया पर 1497 जोड़ों ने बंधी वैवाहिक बंधन में

मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत 30 अप्रैल, अक्षय तृतीया के दिन जिले के आठ स्थानों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुल 1242 विवाह और 255 निकाह सम्पन्न हुए, जिससे कुल 1497 जोड़े वैवाहिक जीवन में बंधे।

आयोजन स्थलवार विवरण:

विदिशा: 165 जोड़ें (153 विवाह, 12 निकाह)

बासौदा: 227 जोड़ें (200 विवाह, 27 निकाह)

ग्यारसपुर: 166 जोड़ें (156 विवाह, 10 निकाह)

कुरवाई: 136 जोड़ें (99 विवाह, 37 निकाह)

सिरोंज: 355 जोड़ें (251 विवाह, 104 निकाह)

लटेरी: 231 जोड़ें (201 विवाह, 30 निकाह)

डंगरबाडा नटेरन: 150 जोड़ें (115 विवाह, 35 निकाह)

खैरखेड़ी नटेरन: 67 विवाह

सभी आयोजन स्थलों पर जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और वर-वधू के परिवारजन उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ