विदिशा। विदिशा जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने सख्त लहजे में समीक्षा की। उन्होंने एनएचएआई, एमपीआरडीसी, पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मुरम की अवैध खुदाई पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन करने और साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। पीएम जनमन योजना के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के आदेश भी दिए गए।
शिकायतों का जल्द निपटारा हो: अपर कलेक्टर डामोर
समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के तहत दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व सहित सभी लंबित शिकायतों का समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने तहसीलदारों को नामांतरण, बंटवारा और खसरा संबंधी शिकायतों पर दो दिन के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 28 अप्रैल को प्रस्तावित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पहले सभी शिकायतों का समाधान कराने के लिए सख्त आदेश जारी किए गए हैं।




0 टिप्पणियाँ