बासौदा, विदिशा। बासौदा तहसील क्षेत्र में अवैध उत्खनन गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। रविवार को वन मण्डलाधिकारी श्री हेमंत यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में अवैध रूप से उत्खनित पत्थर फर्शी का मौके पर विनिष्टीकरण किया गया तथा अवैध उत्खनन में संलिप्त दो ट्रक एवं तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया गया।
वन विभाग को प्राप्त गोपनीय सूचनाओं के आधार पर श्री यादव स्वयं मौके पर पहुंचे और उड़नदस्ता दल के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। यह छापेमारी वन परिक्षेत्र बासौदा के अंतर्गत वन चौकी भिलाय क्षेत्र के बीट घटेरा, पधार, उदयपुर और भिलाय में की गई, जहां अवैध पत्थर खदानों की गहनता से जांच की गई।
सीसीटीवी निगरानी की पहल
वन मण्डलाधिकारी श्री यादव द्वारा अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु संवेदनशील बीटों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की पहल भी की गई है, ताकि भविष्य में अवैध गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जा सके।
संयुक्त दल की कार्यवाही
इस समूची कार्यवाही में उप वन मण्डलाधिकारी विदिशा, प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी श्री हिमांशु त्यागी, उप वन मण्डलाधिकारी सिरोंज श्री तरुण डेहरिया, वन मण्डल के समस्त परिक्षेत्र अधिकारी एवं उड़नदस्ता दल ने संयुक्त रूप से सक्रिय भूमिका निभाई।
इस कठोर और त्वरित कार्यवाही से क्षेत्र में अवैध उत्खनन में संलिप्त व्यक्तियों में हड़कंप मच गया है तथा वन विभाग के इस प्रयास की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।




0 टिप्पणियाँ