विदिशा, पगरानी। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विदिशा जिले में जल स्त्रोतों के संरक्षण व संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में सिरोंज विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने रविवार को ग्राम पगरानी के तालाब में श्रमदान कर तालाब के जीर्णोद्धार की अलख जगाई।
विधायक श्री शर्मा ने स्वयं गैंती-फावड़ा हाथ में लेकर तालाब के गहरीकरण के कार्य का शुभारंभ किया। उनके इस प्रयास से प्रेरित होकर ग्रामवासियों ने भी श्रमदान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और तालाब की सफाई व पुनरुद्धार की जिम्मेदारी स्वयं निभाने का संकल्प लिया।
विधायक निधि से 5 लाख रुपए की घोषणा
तालाब के सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार और पौधरोपण जैसे कार्यों के लिए विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने अपनी विधायक निधि से पाँच लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पगरानी तालाब का रूपांतरण ऐसा हो कि इसका कायाकल्प स्पष्ट नजर आए। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
संदेश और अपील
विधायक श्री शर्मा ने ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि "गांव के जल स्त्रोतों की देखरेख गांववाले ही सबसे अच्छे तरीके से कर सकते हैं। तालाब में बारहमासी जल बना रहे, इसके लिए जल-संवर्धक पौधे लगाए जाएं और उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाए।" साथ ही उन्होंने किसानों से अपने खेतों में डबरा-डबरी बनाकर जल संचय की परंपरा को पुनर्जीवित करने का आव्हान भी किया।
उन्होंने सभी जल स्त्रोतों की साफ-सफाई और रिचार्जिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी जल की प्रचुरता बनी रहे।




0 टिप्पणियाँ