विदिशा। विदिशा जिले के उनारसीकला थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, किशोरी को एक युवक द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
सूत्रों के अनुसार, जहरीला पदार्थ खाने के बाद किशोरी को तत्काल लटेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता का आरोप है कि गोलू नाम के युवक ने अन्य लड़कियों की मदद से उनकी बेटी को मोबाइल फोन भिजवाया था। इसके बाद वह उससे बातचीत करने लगा और लगातार अपशब्द कहकर मानसिक दबाव बनाता रहा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किशोरी की आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है। ग्रामीणों ने भी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




0 टिप्पणियाँ