भीड़ में बिछड़ा मासूम, सजग पुलिसकर्मियों ने मिलाया परिवार से

विदिशा,। थाना हैदरगढ़ क्षेत्र में बाजार की भीड़ के बीच अपने पिता से बिछड़ गया 4 वर्षीय एक मासूम बच्चा सजग पुलिसकर्मियों की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते सकुशल अपने परिजनों से मिल गया। यह घटना न केवल पुलिस की तत्परता को दर्शाती है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का भी संदेश देती है।

जानकारी के अनुसार, बालक अपने पिता संदीप, निवासी पिपरहा (त्योंदा), के साथ हैदरगढ़ आया था। बाजार की चहल-पहल में बच्चा अपने पिता से बिछड़ गया और डरा-सहमा सेंट्रल बैंक के पास खड़ा मिला।

यह सूचना दिनांक 21-04-2025 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को प्राप्त होते ही तत्काल थाना हैदरगढ़ क्षेत्र में तैनात पुलिस वाहन को मौके पर रवाना किया गया। थाना हैदरगढ़ में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय गुप्ता एवं पायलट आशीष यादव ने मौके पर पहुंचकर बालक को स्नेहपूर्वक संरक्षण में लिया।

क्षेत्र में गहन पूछताछ और तलाश के बावजूद जब परिजनों का कोई सुराग नहीं मिला, तो बालक को थाने लाया गया। कुछ समय पश्चात परिजनों की पहचान हो पाई, जिनकी पुष्टि उपरांत बालक को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।

विदिशा पुलिस की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता ने इस मासूम को उसके परिवार से मिलाकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ