विदिशा,। बुधवार कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज प्रातः विदिशा के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय और तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित विभिन्न कार्यों का अवलोकन करते हुए उपस्थित स्टाफ से संवाद स्थापित किया और कार्यों के सुचारु संपादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान हो और उन्हें संतोष मिले, इसके लिए स्टाफ पूरी गंभीरता से कार्य करें। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यालय भवन के बाहर रीडर, बाबू तथा अन्य संबंधित कर्मचारियों के मोबाइल नंबर की सूची प्रदर्शित की जाए, ताकि नागरिकों को संपर्क करने में सुविधा हो।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में पटवारियों की उपस्थिति की भी जानकारी ली और उनकी बैठक व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के पटवारी तहसील कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने कार्य करें, जबकि पंचायत क्षेत्र के पटवारी अपने-अपने क्षेत्र में रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने तहसील न्यायालय, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट (तहसीलदार) कक्ष, नायब तहसीलदार कक्ष, निर्वाचन शाखा, माल जमादार कक्ष सहित विभिन्न कक्षों का दौरा कर दस्तावेजों और रजिस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने यह भी जाना कि आवेदनों का निस्तारण किस प्रक्रिया से किया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया, एसडीएम श्री क्षितिज शर्मा, तहसीलदार डॉ. अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ