विदिशा, मध्यप्रदेश। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशों एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विदिशा श्री जाकिर हुसैन के मार्गदर्शन में बुधवार को नालसा योजना 2015 (नशीली दवाओं के खतरे के उन्मूलन के लिए पीड़ितों को कानूनी सेवाएं) के अंतर्गत एक विधिक जागरूकता शिविर एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन सीएम राइज विद्यालय, विदिशा में किया गया।

इस अवसर पर सचिव एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट विदिशा श्री नीतेन्द्र सिंह तोमर, समाजसेवी श्री वेदप्रकाश शर्मा, लीगल एंड डिफेंस काउंसिल विदिशा के सुरजीत सिंह सिकरवार, विनोद कुशवाह, अनिमेष तिवारी सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के तहत नशा मुक्ति पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें तीन न्यायाधीशों की टीम द्वारा प्रतिभागियों के चित्रों का मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता में कु. पूर्वा शर्मा ने प्रथम स्थान, कु. चन्द्रकिरण साहू ने द्वितीय तथा कु. प्रियांशी परमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सचिव श्री नीतेन्द्र सिंह तोमर द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।

श्री तोमर ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से आग्रह किया कि बच्चों के लिए नियमित नशा मुक्ति काउंसलिंग कराई जाए तथा नशा विरोधी छात्र क्लब की स्थापना की जाए ताकि विद्यार्थियों में जागरूकता निरंतर बनी रहे।

समाजसेवी श्री वेदप्रकाश शर्मा द्वारा विद्यालय परिसर में नशा मुक्ति पर आधारित जागरूकता प्रदर्शनियां लगाई गईं तथा बच्चों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री बलराम चौधरी ने सभी अतिथियों एवं आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया।

जनसम्पर्क, मध्यप्रदेश