नवागत कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज कलेक्ट्रेट स्थित बेतवा सभाकक्ष में पत्रकारवार्ता के माध्यम से जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और विकासात्मक गतिविधियों को लेकर मीडिया बंधुओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया और प्रशासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि "जिले के विकास में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आम नागरिकों तक सही जानकारी पहुंचाने और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक ले जाने में मीडिया एक सशक्त सेतु है।" उन्होंने बताया कि जिले की प्रशासनिक टीम आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही है, जिससे शासन की मंशानुसार सभी नागरिकों को योजनाओं का लाभ सुलभ रूप से मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि आमजन को शासकीय कार्यालयों के चक्कर ना लगाने पड़ें, इसके लिए प्रक्रियाएं सरल और पारदर्शी बनाई जाएंगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का सीधा लाभ मिले, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसी दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
शिक्षा पर विशेष ध्यान, कोई भी बच्चा रहे न वंचित
उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत का जिक्र करते हुए कहा कि जिले के किसी भी निर्धारित आयु वर्ग के बच्चे को स्कूल में प्रवेश से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
मीडिया से सहयोग की अपेक्षा
श्री गुप्ता ने मीडियाकर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे सकारात्मक संवाद के माध्यम से जिले की प्रगति में सहभागी बनें और योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया और जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री बीडी अहिरवार भी उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ