96 घंटे में सकुशल मिला लापता नाबालिग, पठारी पुलिस की सराहनीय कार्रवाईविदिशा, 19 अप्रैल 2025

विदिशा पठारी। थाना पठारी पुलिस ने "ऑपरेशन मुस्कान" के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र 96 घंटे के भीतर एक लापता नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया। यह मामला 14 अप्रैल को सामने आया था, जब एक महिला ने अपने 15 वर्षीय पुत्र के अचानक लापता हो जाने की सूचना थाना पठारी में दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/25, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे तथा एसडीओपी कुरवाई श्री अनूप नैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गौरव बाजपेई के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और पारंपरिक तरीकों का समुचित उपयोग करते हुए लगातार प्रयास किए, जिसके फलस्वरूप 18 अप्रैल को लापता बालक को सकुशल खोज निकाला गया। दस्तयाबी के बाद विधिसम्मत प्रक्रिया पूर्ण कर बालक को उसके परिजनों को सौंपा गया।

इस टीम में थाना प्रभारी उनि गौरव बाजपेई के साथ प्रधान आरक्षक उत्तम सिंह, आरक्षक देवेंद्र, आरक्षक हेमंत एवं महिला आरक्षक द्रोपती शामिल रहे, जिनकी त्वरित और समर्पित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

विदिशा पुलिस ने वर्ष 2025 में अब तक 148 गुमशुदा/अपहृत नाबालिग बच्चों को सफलतापूर्वक खोजकर उनके परिवारों से मिलवाया है, जो कि पुलिस की संवेदनशीलता और जनसुरक्षा के प्रति उनके कर्तव्यनिष्ठ रवैये को दर्शाता है।

पठारी पुलिस की इस सफलता ने क्षेत्र में नागरिकों के बीच सुरक्षा और भरोसे की भावना को और अधिक मजबूत किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ