आनंदपुर विदिशा।लटेरी तहसील के ग्राम महोटी स्थित बनारसी कला बीट में वर्षों से अतिक्रमण वन भूमि को मुक्त कराने के लिए बुधवार को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस अभियान में लगभग 50 हेक्टेयर वन भूमि से अतिक्रमण हटाया गया, जिसमें से 39 हेक्टेयर भूमि पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर विभागीय कब्जे में ले ली गई।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी (DFO) विदिशा हेमंत यादव के निर्देशन में की गई। वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में 10 जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाया गया और भूमि पर गड्ढे कर उसे पुनः वन विभाग के आधिपत्य में लिया गया।
कार्यवाही के दौरान उप वनमंडलाधिकारी सिरोंज तरुण डेहरिया, एसडीओपी लटेरी, नायब तहसीलदार हेमंत अग्रवाल, थाना प्रभारी आनंदपुर एवं उन्नारसीकलां, परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश केन और उड़नदस्ता दल मौके पर मौजूद रहे।
यह मामला डीएफओ द्वारा जिला टास्कफोर्स की बैठक में उठाया गया था, जिसे कलेक्टर और एसपी विदिशा के संज्ञान में लाया गया था।
इससे पहले मुरवास, मुरारिया और अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। लटेरी क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर वन विभाग अब बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने के लिए सक्रिय हो गया है।




0 टिप्पणियाँ