शुभम सोनी विशेष संवाददाता MP News: मध्य प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य सरकार 1 मई से स्मार्ट पीडीएस सिस्टम लागू कर रही है, जिसके तहत अब सिर्फ पात्र हितग्राही ही राशन प्राप्त कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था के तहत ई-केवायसी (e-KYC) अनिवार्य कर दी गई है और इसकी अंतिम तिथि 30 अप्रैल तय की गई है।
Smart Pds Ration: डिजिटल होगी पूरी प्रक्रिया
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी राशन कार्डधारकों को निर्धारित तिथि तक ई-केवायसी कराना आवश्यक होगा। इसके बिना 1 मई से राशन वितरण नहीं होगा। ई-केवायसी की सुविधा पीओएस मशीन और मोबाइल एप दोनों पर उपलब्ध है।
गांव-गांव पहुंचेगी टीम
सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि ई-केवायसी की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं जो ग्राम और मोहल्लों में जाकर हितग्राहियों का ई-केवायसी कर रही हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय प्रशासन विभाग का सहयोग भी इस कार्य में लिया जा रहा है।
दोहराव और मृत नाम होंगे बाहर
समीक्षा बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि ई-केवायसी के माध्यम से दोहराए गए नाम और मृतक हितग्राहियों के नाम राशन सूची से हटाए जाएं, जिससे सिर्फ सही और पात्र लोगों को ही सरकारी लाभ मिल सके।
राशन वितरण नहीं होगा प्रभावित
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ई-केवायसी प्रक्रिया के चलते राशन वितरण में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं आने दी जाएगी।
सहकारी संस्थाएं भी होंगी डिजिटल
राज्य सरकार अब सहकारी उपभोक्ता भंडारों को भी डिजिटल प्रणाली से जोड़ रही है। ये भंडार राशन वितरण का प्रमुख माध्यम हैं, और स्मार्ट पीडीएस से जुड़ने के बाद पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और रियल टाइम निगरानी योग्य हो जाएगी।
ऑफिस से ही हो सकेगी निगरानी
स्मार्ट पीडीएस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि राशन की मांग, वितरण और शेष स्टॉक की जानकारी ऑनलाइन रहेगी। इससे अधिकारियों को वितरण केंद्रों का निरीक्षण करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे कार्यालय में बैठकर ही पूरी व्यवस्था की निगरानी कर सकेंगे।
नोट: यदि आप भी PDS के तहत राशन लेते हैं, तो 30 अप्रैल से पहले ई-केवायसी जरूर करवाएं, ताकि आप 1 मई से स्मार्ट PDS प्रणाली के तहत लाभ उठा सकें।




0 टिप्पणियाँ