228 बसों में महिलाएं सुबह 6 से रात 9 बजे तक फ्री कर सकेंगी सफर

रक्षाबंधन गिफ्टः एमआईसी की मंजूरी मिली

MPNEWS: भोपाल में रक्षाबंधन के दिन, सोमवार को 'शहर सरकार' बहनों को सिटी बसों में फ्री में घूमने का गिफ्ट देगी। महिलाएं सुबह 6 से रात 9 बजे तक बसों में फ्री में सफर कर सकेंगी। एमआईसी (मेयर इन कौंसिल) में प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। इसे लेकर आदेश भी जारी होंगे। बीसीएलएल (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) बसों का संचालन करती है। भोपाल में कुल 25 रूट पर 368 सिटी बसें दौड़ती हैं। इनमें से 140 बसें पिछले एक महीने से बंद है। ऐसे में शेष बची 228 बसों में 19 अगस्त, सोमवार को महिलाएं सफर कर सकेंगी।

इस बार भी सौगात देंगेः महापौर

महापौर मालती राय ने बताया कि हर साल रक्षाबंधन पर बहनों को भाई को राखी बांधने के लिए एक जगह से दूसरी जगह पर जाना पड़ता है। बहनों को नगर निगम की तरफ से सौगात दी जाती है। इस बार भी यह सौगात दी जाएगी। एमआईसी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

एक दिन में डेढ़ लाख यात्री करते हैं सफर... भोपाल में सिटी बसों में एक दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग सफर करते हैं। इनमें 40 प्रतिशत तक यानी करीब 60 हजार महिला यात्री शामिल हैं। रक्षाबंधन के दिन यह संख्या 70 हजार तक पहुंच सकती है। नौकरीपेशा के अलावा स्टूडेंट्स भी बसों से आना-जाना करती हैं। किराए के रूप में उन्हें न्यूनतम 7 और अधिकतम 42 रुपए लगते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ