अशफाक अली राजगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग में स्टोर कीपर के पद पर पदस्थ था। 2021 में रिटायर्ड हो गया। लोकायुक्त में उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत की गई थी। इसी सिलसिले में मंगलवार को अशफाक के भोपाल में दो मकान और लटेरी के ठिकानों पर एक साथ छापे मारे गए।
रिटायर्ड स्टोर कीपर अशफाक अली के भोपाल में ग्रीन वैली स्थित मकान से नोटों से भरा बैग मिला। नोट गिनने के लिए मशीन मंगानी पड़ी। इस मकान का इंटीरियर फाइव स्टार होटल जैसा है। इसकी कीमत दो करोड़ रुपए आंकी गई है। 45 हजार रुपए की सैलरी पर रिटायर्ड हुए स्टोर कीपर का ठाठ अरबपति व्यापारी मुकेश अंबानी जैसा है।
परिवार के नाम पर खरीदीं अचल संपत्तियां
अशफाक अली के परिवार के सदस्यों के नाम पर 16 से अधिक अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। अशफाक अली, उसके बेटे जीशान अली, शारिक अली, बेटी हिना कौसर और पत्नी राशिदा बी के नाम पर करोड़ों रुपए की अचल संपत्तियां खरीदने के कागजात मिले हैं। लोकायुक्त की टीम इन दस्तावेजों को बारीकी से खंगाल रही है। अभी तक की कार्रवाई में विदिशा के लटेरी में अशफाक और उसके परिजन के नाम चार इमारतें होने की जानकारी मिली है। इनमें आनंदपुर रोड पर 14000 स्क्वायर फीट में निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और लगभग 1 एकड़ जमीन पर करीब 2500 वर्ग फीट का आलीशान मकान समेत मुस्ताक मंजिल नाम से तीन मंजिला भवन शामिल है। मुस्ताक मंजिल में प्राइवेट स्कूल किराए से चल रहा है।
लोकायुक्त के DSP कर रहे हैं आय से अधिक संपत्ति की जांच
इस छापेमारी कार्रवाई को लेकर लोकायुक्त डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि रिटायर्ड स्टोर कीपर अशफाक खान भोपाल में रहता है। जिसकी लटेरी में भी कुछ इमारते बनी हुई है। छापामार कार्रवाई के दौरान काफी संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक भोपाल और लटेरी में कुल 10 करोड़ की संपत्ति होने की जानकारी है। फिलहाल, इसकी जांच की जा रही है।




0 टिप्पणियाँ