जानापाव से ब्राह्मणों को साधेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री 29 जुलाई की शाम को भोपाल आएंगे । रात में ही भाजपा कोर टीम के साथ बैठक करेंगे । सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे । उसके बाद इंदौर जाएंगे और वहां महू के पास स्थित जानापाव पहाड़ी पर जाएंगे । भगवान परशुराम की जन्मस्थली पर उन्हें नमन करेंगे । इसे ब्राह्मण वोटर्स को साधने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है । इसके बाद इंदौर में संभाग के चुनिंदा 100 नेताओं से मिलेंगे , जिनमें जनप्रतिनिधि , पदाधिकारी शामिल होंगे । इस बैठक में इंदौर संभाग के राजनीतिक हालातों पर चर्चा होगी । फीडबैक रिपोर्ट भी तैयार होगी ।
हर विधानसभा से पांच हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य
इंदौर जिले की सभी नौ विधानसभाओं के संचालक और मंडल अध्यक्षों को अपनी विधानसभा से कम से कम पांच हजार कार्यकर्ता लाने का लक्ष्य दिया गया है । सभी विधानसभा के प्रत्येक बूथ से 15 कार्यकर्ताओं को सम्मेलन तक लाया जाएगा । सभी के लिए बसों और खाने पीने की व्यवस्था की जाएगी । नगर भाजपा और ग्रामीण भाजपा के पदाधिकारी भी इसकी तैयारी में जुट चुके हैं । भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में पार्षद , जनपद और जिला पंचायत सदस्य , नगर परिषद सदस्यों के अलावा विधानसभा संचालक और मंडल अध्यक्षों को कार्यकर्ताओं को सम्मेलन तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है । इसके लिए कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर कार्यक्रम तक लाने के लिए बैठक का दौर शुरू हो चुका है ।
बूथ कार्यकर्ताओं पर होगा फोकस
भाजपा भी शाह के दौरे से अपने बूथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेगी , क्योंकि भाजपा में चुनाव जीतने का दारोमदार बूथ कार्यकर्ताओं पर ही होता है । इसलिए इंदौर संभाग के पुराने सक्रिय बूथ कार्यकर्ताओं को फिर से एक्टिव किया जाएगा । इन कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर जल्द ही इनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता बैठक कर इनकी बात सुनेंगे और इनकी समस्याओं को भी दूर करेंगे ।




0 टिप्पणियाँ