विदिशा, 7 मई। वन विभाग ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरोंज अनुभाग के देहरीपामा क्षेत्र में लगभग 6 हेक्टेयर वन भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। यह कार्रवाई वन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
वनमंडलाधिकारी हेमंत यादव के निर्देशन एवं उप वनमंडलाधिकारी प्रशांत साकरे के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत वन परिक्षेत्र अधिकारी उत्तर लटेरी आर.के. सहरिया तथा दक्षिण लटेरी विवेक चौधरी के नेतृत्व में टीम ने बीट देहरीपामा के कक्ष क्रमांक पी-410 में पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार देहरीपामा निवासी किसन सिंह गुर्जर, जो निलंबित पंचायत सचिव बताया गया है, द्वारा करीब 12 हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 261/27 दिनांक 21 जुलाई 2024 को दर्ज किया गया था।
वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 80 ‘अ’ के तहत अतिक्रमणकर्ता को दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किए थे, लेकिन उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद वनमंडलाधिकारी द्वारा बेदखली का अंतिम आदेश जारी किया गया।
आदेश के पालन में संयुक्त अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए 6 हेक्टेयर भूमि को मुक्त करा लिया। विभाग ने बताया कि शेष अतिक्रमित भूमि को भी जल्द मुक्त कराने की कार्रवाई जारी रहेगी।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा वन संपदा की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।




0 टिप्पणियाँ