12 दिनों से पैदल मार्च करते हुए नरसिंहपुर से रोजगार सहायक भोपाल पहुंचे. रोजगार सहायकों से सीएम शिवराज ने मुलाकात की. सीएम ने रोजगार सहायकों को वेतन वृद्धि का आश्वासन दिया है.
पदयात्रा कर सीएम से मिलने पहुंचे रोजगार सहायक
प्रदेश के रोजगार सहायक अपनी मांगों को लेकर पदयात्रा कर नरसिंहपुर से भोपाल पहुंचे रोजगार सहायकों से मुख्यमंत्री ने चर्चा की । रोजगार सहायकों ने बताया कि वे मुख्यमंत्री चौहान से भेंट करने के लिए पंक्तिवद्ध होकर शालीनतापूर्वक न सिर्फ पैदल चलकर आए हैं , बल्कि प्रदेश में संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार - प्रसार का कार्य करने के लिए योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी देने वाली तख्तियाँ भी साथ लेकर चले । इसके लिए उन्होंने विधिवत अवकाश भी लिया है । रोजगार सहायकों का उद्देश्य मुख्यमंत्री चौहान की पहल पर लागू उपयोगी जनहितकारी योजनाओं और राज्य शासन के अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की बात आमजन तक पहुँचाना है ।
मुख्यमंत्री ने चर्चा के लिए बुलाया
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मेरे संज्ञान में जब यह बात आयी कि नरसिंहपुर जिले से रोजगार सहायक पदयात्रा करते हुए भोपाल पहुंच रहे हैं , तो सहर्ष भेंट और चर्चा के लिए समय निर्धारित किया । मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें रोजगार सहायकों द्वारा अपनी समस्या के समाधान के लिए अपनाया गया यह शालीन तरीका पंसद भी आया । यह अद्भुत तरीका प्रभावित करता है । सिर्फ मांगें सामने रखने वाले अन्य लोगों के लिए भी यह प्रेरक है । मुख्यमंत्री ने रोजगार सहायकों के साथ अन्य विषयों पर भी चर्चा की और समूह चित्र खिंचवाया ।




0 टिप्पणियाँ