दीपों की रोशनी और शानदार आतिशबाजी से महाकाल व क्षिप्रा का तट जगमगाया

 18.82 लाख दीपों से रोशन हुआ क्षिप्रा तट , बना विश्व रिकॉर्ड

 
उज्जैन  Madhya Pradesh

शिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में दीपोत्सव का एक बार फिर रिकार्ड बना है । शनिवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर क्षिप्रा नदी के तट पर उज्जैन में 18 लाख 82 हजार 229 दीप जलाकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है । इसके पहले अब तक अयोध्या में 15.76 लाख दीपों का विश्व रिकार्ड है । महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकाल के दर्शन करने करीब 6 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं । इन श्रद्धालुओं में अधिकांश ने महाकाल महालोक का भी भ्रमण किया है । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ दीप प्रज्जवल का शुभारंभ किया है ।

 
विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए क्षिप्रा नदी के दोनों किनारों पर अलग अलग ब्लॉक्स में दीयों के पैटर्न बनाए गए हैं । यहां 21 लाख दीपों का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी थी , लेकिन जब विश्व रिकॉर्ड की टीम ने गिनती की तो 18 लाख 82 हजार 229 दीपों को पाया । अब तक किसी भी महोत्सव या आयोजन में एक साथ सबसे अधिक दीपों का रिकॉर्ड है ।
आज सब कुछ अलौकिक है : मुख्यमंत्री दीपों का विश्व कीर्तिमान बने के बाद ' ' शिव ज्योति अर्पणम : 2023 " कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं आप सभी उज्जैन वासियों को बधाई देता हूं । 18 , 82,229 दीपक जलाकर आपने नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया । महाकाल बाबा की नगरी में आज सब कुछ अलौकिक है । आज से उज्जैन में विक्रम महोत्सव प्रारंभ हो रहा है । महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आनंद की वर्षा हो रही है । शिव और शक्ति , शक्ति के बिना काम नहीं चलता है । मैं अपनी मां , बहन और बेटियों में देवी मैया को देखता हूं । निम्न मध्यमवर्गीय और गरीब बहनों के सशक्तिकरण के लिए हम मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बना रहे हैं , जिससे उनके खाते में 1,000 रुपये प्रतिमाह आएंगे । अवन्तिकावासियों , जनभागीदारी का ऐसा उदाहरण दुनिया में कहीं और मिलना मुश्किल है । मैं आपका स्वागत करता हूं ।

विश्व रिकॉर्ड बना 52 हजार लीटर तेल , 25 लाख बाती 

विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए 21 लाख दीपों को जलाने के लिए 52 हजार लीटर तेल , रुई की 25 लाख बाती , 600 किलो कपूर और चार हजार माचिस मंगाई गई थीं । अभी तक अयोध्या में 15.76 लाख दीये जलाने का रिकॉर्ड है । उज्जैन के शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम की खास बात यह है कि पूरा कार्यक्रम जीरो वेस्ट है । इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री डॉ . मोहन यादव , सांसद अनिल फिरोजिया , महापौर मुकेश टटवाल , महिदपुर विधायक बहादुरसिंह चौहान , पूर्व सांसद चिन्तामणि मालवीय , पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती , बहादुरसिंह बोरमुंडला , विवेक जोशी , विशाल राजौरिया सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे ।