मप्र के कूनो पार्क में रखे जाएंगे 12 चीते , चीता विशेषज्ञ डॉक्टर लारेल भी साथ आएंगी
Bhopal साउथ अफ्रीका से 12 चीतों को लाने के लिए वायु सेना का विशेष विमान सी -17 ग्लोबमास्टर गुरुवार को रवाना हुआ है । इन चीतों को भारत लाकर मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में रखा जाएगा । यह विमान 17 फरवरी की रात 8 बजे दक्षिण अफ्रीका से उड़ान भरकर 18 फरवरी को सुबह 10 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंड करेगा । इन चीतों के साथ वेटरनरी डॉक्टर और चीता एक्सपर्ट डॉक्टर लारेल उसी विशेष विमान के साथ आएंगी । विमान की लैंडिंग के वक्त प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ग्वालियर एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चीतों को मप्र लाए जाने को लेकर गुरुवार को भोपाल में तैयारियों की समीक्षा की । केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका से 7 नर और 5 मादा सहित 12 चीतों को भारत लाया जा रहा है । ग्वालियर एयरपोर्ट से एमआई 17 हेलीकॉप्टर के जरिए इन चीतों को कूनो नेशनल पार्क ले जाया जाएगा । मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में पिछले साल सितंबर में नामीबिया से आठ चीते भारत लाए गए थे , जिसमें तीन नर और पांच मादा थे ।
1 महीने तक पार्क में क्वारेटाइन में रहना होगा अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत 1 महीने तक इन चीतों को कूनो नेशनल पार्क में क्वारंटाइन में रहना होगा । भारत और दक्षिण अफ्रीका में हुए समझौते के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका से हर साल 10 से 12 चीते अगले 10 सालों तक देश में लाए जाएंगे , ताकि कूनो नेशनल पार्क में इनकी पर्याप्त संख्या हो सके ।




0 टिप्पणियाँ