कमिश्नर का दौरा : आंगनबाड़ी में मिलीं अनियमितताएं . जताई नाराजगी कमिश्नर ने शमशाबाद क्षेत्र में किया निरीक्षण
विदिशा भोपाल कमिश्नर मालसिंह भयडिया ने गुरुवार को शमशाबाद क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का औचक निरीक्षण किया । साथ ही उन्होंने शमशाबाद अस्पताल का भी औचक निरीक्षण किया है । उन्होंने राजस्व परिसर के पास आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन कर साफ - सफाई व्यवस्था और बच्चों के लिए मेन्यू चार्ट केंद्र पर ना होने पर नाराजगी व्यक्त की है । संभागायुक्त ने शमशाबाद के ग्राम शालाखेड़ी , महूठा एवं संग्रामपुर में भ्रमण कर राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीमांकन , नामांतरण और बंटवारा के मामलों के निराकरण हेतु विशेष शिविरों का आयोजन करें । साथ ही ग्राम पंचायत की विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को मिले इस हेतु भी शिविरों का आयोजन करें । संभागायुक्त ने शमशाबाद क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के भ्रमण के दौरान स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद भी किया ।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले तथा हितग्राहियों द्वारा प्रस्तुत किए गए आवेदनों का शत प्रतिशत निराकरण किया जाए । संभागायुक्त के द्वारा किसनपुर और पुरैनिया ग्राम में विशेष राजस्व शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे । एसडीएम विजय राय ने बताया कि उक्त शिविरों का आयोजन शनिवार को किया जायेगा । निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे ।




0 टिप्पणियाँ