आज की राजनीति स्थानीय , रबर स्टांप की राजनीति से परहेज करें कमलनाथ ने कांग्रेस अजा विभाग के सम्मेलन को संबोधित किया

आज की राजनीति स्थानीय , रबर स्टांप की राजनीति से परहेज करें कमलनाथ ने कांग्रेस अजा विभाग के सम्मेलन को संबोधित किया
भोपाल | प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मप्र में अनुसूचित जाति और आदिवासी वर्ग का प्रभाव 150 सीटों पर है , जिससे सरकार बनती है । अजा - अजजा वर्ग की छोटी छोटी जातियों का योगदान कांग्रेस सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा , हमें उनको एकजुट कर घरों और मोहल्लों तक पहुंचकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों को बताना होगा । आज कैसे संविधान की हत्या कर अजा - अजजा वर्ग के अधिकारों को समाप्त किया जा रहा है , यह बड़ा प्रश्न हम सबके सामने है । इससे हमें कैसे निपटना है , आपको समझना होगा ? कमलनाथ मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति वर्ग के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे । उन्होंने कहा कि आज की राजनीति बहुत स्थानीय हो गई है , रबर स्टांप की राजनीति से परहेज करना होगा । नाथ ने कहा कि हमें सच्चाई जानने की बहुत जरूरत है । प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में रोजगार की बात की थी , किसानों की बात की और क्या हुआ , किसको रोजगार मिला , किस किसान का फायदा हुआ ? अब वे राष्ट्रवाद , धर्म , भाषा और जाति के आधार पर सबको आपस में लड़ाना चाहते है । वहीं प्रदेश में शिवराज सिंह ने लोकतंत्र की हत्या कर पीछे के दरवाजे से सरकार बना ली । आज ये ध्यान मोड़ने में माहिर हो गए हैं , आज मैं मोदी जी से एक बात पूछना चाहता हूं कि वह एक नाम बता दें जो आपके पार्टी से स्वतंत्रता सेनानी में जुड़ा हो । अभा कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लिलोटिया ने कमलनाथ को भारतीय संविधान की प्रति भेंट की । मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया । कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा , डॉ . विजय लक्ष्मी साधो , लखन घनघोरिया , प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी , प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर , संगठन प्रभारी राजीव सिंह , प्रदेश महामंत्री भानु ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ