• पीसी शर्मा का पलटवार- हम किसी से डरने वाले नहीं
शपथ न्यूज़,भोपाल। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की मध्यप्रदेश में एंट्री के पहले सुरक्षा को लेकर राजनीति गरमा गई है । गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि राहुल गांधी इंदौर के खालसा कॉलेज न जाएं । इस पर यात्रा प्रभारी पीसी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि हम किसी से डरने वाले नहीं हैं । सभा खालसा कॉलेज में ही होंगी । इधर राहुल गांधी की • यात्रा कार्यक्रम में फिर बदलाव हुआ है । वे 26 नवंबर को संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचेंगे । इससे पहले राहुल 27 नवंबर को यहां जाने वाले थे भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में 23 नवंबर को बुरहानपुर से एंट्री करेगी । मध्यप्रदेश में यात्रा के प्रभारी पीसी शर्मा ने बताया कि महाकाल दर्शन के लिए राहुल गांधी 1 दिसंबर के बजाय 30 नवंबर को जाएंगे । इसके बाद उज्जैन में आमसभा होगी । मध्यप्रदेश से राजस्थान में एंट्री की तारीख में भी बदलाव हुआ है । अब राहुल आगर जिले से 3 दिसंबर के बजाय 4 दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश करेंगे ।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसलिए दी सलाह
दो दिन पहले इंदौर की एक होटल पर सनसनीखेज लेटर पहुंचा था । इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी की खालसा कॉलेज में होने वाली सभा पर हमले की धमकी दी गई । इसी के साथ पूरे इंदौर को विस्फोट से दहला देने की धमकी भी दी गई थी । लिफाफे पर रतलाम के भाजपा विधायक चेतन्य कश्यप का नाम लिखा में था । पुलिस इस मामले की जांच जुटी है ।
खालसा कॉलेज न जाएं राहुल गृहमंत्री डॉ . नरोतम मिश्रा ने राहुल गांधी को इंदौर के खालसा कॉलेज में नहीं जाने की सलाह दी है । गृहमंत्री ने कहा- उनकी जो यात्रा मध्यप्रदेश में आ रही है , उसमें उनके खालसा कॉलेज इंदौर जाने का कार्यक्रम है । मेरा आग्रह है कि कमलनाथ जी के जाने के बाद वहां विवाद हुआ था । कानपुर के संत जी ने विरोध किया था । मैं राहुल गांधी से आग्रह करता हूं कि किसी ऐसे स्थान पर न जाए , जिससे विवाद उत्पन्न हो । यात्रा के दिन कम होने पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा- दिन और भी कम हो सकते हैं । स्वाभाविक रूप से निर्धारित लोगों को हटा दें , तो उस तरीके से समर्थन मिल नहीं पा रहा , इसलिए सोच रहे होंगे ।
कार्यक्रम में बदलाव नहीं होगा : पीसी शर्मा
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की सलाह पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कांग्रेस के सभी कार्यक्रम यथावत रहेंगे , कुछ भी नहीं बदलेगा । जहां तक खालसा कॉलेज की बात है , तो भाजपा ने खुद उपद्रव करवाया था । गोविंद सिंह की यात्रा से लेकर सभी जगह तक भाजपा ने ही उपद्रव करवाया है । हम किसी की धमकी या और चीजों से डरने वाले नहीं हैं । भाजपा कौन से खेत की मूली है , जो हम इनसे डर जाएंगे । हम अंग्रेजों तक से नहीं डरे , हमने आजादी की लड़ाई लड़ी थी ।






0 टिप्पणियाँ