इंदौर। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक होटल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण 46 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर राजकुमार यादव की मौत हो गई। राजकुमार पूर्व डीएसपी के बेटे थे। वह पिछले करीब डेढ़ महीने से पत्नी और बेटी के साथ होटल में रह रहे थे। घटना बुधवार रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार होटल त्रिवेणा के कमरा नंबर 401 में ठहरे हुए थे। होटल का करीब 70 हजार रुपये किराया बकाया हो गया था। बताया जा रहा है कि होटल प्रबंधन की ओर से किराया चुकाने और कमरा खाली करने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के पीछे के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
कोविड के बाद छूट गई थी नौकरी
जानकारी के अनुसार, राजकुमार पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। कोविड काल के दौरान उनकी नौकरी छूट गई थी। इसके बाद वह अलग-अलग स्थानों पर रहने लगे थे। पत्नी सरवरी बेगम ने पुलिस को बताया कि राजकुमार भोपाल के एक प्रॉपर्टी ब्रोकर के माध्यम से अपना प्लॉट बेचने की कोशिश कर रहे थे। प्लॉट बिकने पर मिलने वाली रकम से होटल का बकाया किराया चुकाने और बाकी पैसों से अपना काम शुरू करने की योजना थी।
कोलकाता जाने के लिए निकली थी पत्नी
पत्नी सरवरी के मुताबिक, बुधवार शाम वह अपनी बेटी के साथ कोलकाता जाने के लिए निकली थीं। उन्होंने राजकुमार को भरोसा दिलाया था कि वहां से रुपयों का इंतजाम करेंगी। ट्रेन नहीं मिलने पर वह रेलवे स्टेशन से वापस लौट आईं। इसी दौरान उन्हें राजकुमार के होटल से गिरने की सूचना मिली।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
एसीपी पराग सैनी के अनुसार, राजकुमार रात करीब 1 बजे एक स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिए थे। जिस जगह उनका शव मिला, वहां कैमरे नहीं लगे हैं। होटल कर्मचारियों ने उन्हें नीचे पड़ा देखा और सहयोगियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।
लसूड़िया पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। होटल प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों, आर्थिक परेशानी और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।




0 टिप्पणियाँ