गुना/आरोन। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार रात आरोन पहुंची। सनकादिक आश्रम में रात्रि विश्राम के दौरान नगरवासियों ने यात्रा का विशेष स्वागत किया। नगर की सड़कों और प्रमुख स्थानों को रंगीन रोशनी से सजाया गया। वहीं, दीप जलाकर यात्रा के रास्ते को रोशन किया गया। आश्रम परिसर में आयोजित सभा में दिग्विजय सिंह ने राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।
भाजपा और आरएसएस की विचारधारा पर उठाए सवाल
कार्यक्रम में अभिराज यादव ने अंग्रेजी में स्वागत संबोधन दिया। उन्होंने सनातन धर्म को जीवन जीने की एक व्यापक विचारधारा बताते हुए यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह ने भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद की विचारधारा की आलोचना की। उन्होंने सनातन को प्रेम और अहिंसा का प्रतीक बताते हुए हिंदुत्व की मौजूदा राजनीतिक व्याख्या पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुत्व के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।
दिग्विजय सिंह ने अपनी पदयात्रा को वोट और नोट की कथित चोरी के खिलाफ जनजागरण का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान को लोगों का समर्थन मिल रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे भी उठाए।
कई गांवों में ग्रामीणों ने किया स्वागत
आरोन पहुंचने के दौरान तमेड़ी, झाझोन, अमरपुरा और शहरोक सहित कई गांवों में ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। बुधवार रात आश्रम में ठहराव के बाद गुरुवार सुबह यात्रा का अगला पड़ाव शुरू हुआ।
आरोन जनपद कार्यालय से आगे बढ़ने से पहले धर्मरथ में रखे पवित्र नदियों के जल से भरे कलशों, श्रीरामलला और पार्थिव शिवलिंग का विधि-विधान से पूजन किया गया। अभिषेक और आरती के बाद कार्यक्रम स्थल पर तिरंगा फहराया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
धार्मिक दान और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
आयोजकों ने यात्रा को लोकतांत्रिक अधिकारों और धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता के लिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान बताया। उनका कहना है कि मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ियों की आशंकाओं और धार्मिक आयोजनों के नाम पर मिलने वाले चंदे व दान के उपयोग में पारदर्शिता को लेकर समाज को जागरूक करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।




0 टिप्पणियाँ