न्यायोत्सव 2026: सिरोंज में न्याय के संदेश के साथ दौड़े युवा, मैराथन में शाद राईन खान ने मारी बाजी,


सिरोंज, विदिशा। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के तहत बुधवार को सिरोंज में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। न्यायालय परिसर से शुरू हुई इस दौड़ में विद्यार्थियों, युवाओं, अधिवक्ताओं और न्यायालयीन कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से न्याय तक समान पहुंच, विधिक जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विदिशा के मार्गदर्शन में आयोजित मैराथन को द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ न्यायालय परिसर से शुरू होकर दीनदयाल पार्क तक पहुंची और वापस न्यायालय परिसर में समाप्त हुई।

शाद राईन खान प्रथम, मोहिनी और ओम दांगी भी रहे विजेता

मैराथन प्रतियोगिता में शाद राईन खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कुमारी मोहिनी रघुवंशी द्वितीय और ओम दांगी तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार पांडेय, न्यायाधीश प्रियंका कुशवाह और न्यायाधीश ज्योति फुस्केले ने प्रमाण-पत्र, मेडल एवं शील्ड देकर सम्मानित किया।

स्वस्थ समाज के लिए जरूरी है विधिक जागरूकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायाधीश विजय कुमार पांडेय ने कहा कि दौड़ेंगे हम, न्याय के लिए—स्वस्थ शरीर से स्वस्थ समाज की ओर। न्याय तक पहुंच तभी संभव है, जब समाज स्वस्थ और जागरूक हो। मैराथन इसी जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन पैदल चलने की अपील की।

कार्यक्रम में सिरोंज थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला, नायब तहसीलदार दोजीराम अहिरवार, एजीपी संदीप बघेल, नायब नाजिर अमित चौबे, अधिवक्ता संघ सचिव हेमंत श्रीवास्तव, अधिवक्ता दिनेश शर्मा, सौरभ रघुवंशी, मोहन शर्मा सहित अन्य अधिवक्तागण, पैरालीगल वालंटियर्स, शासकीय मॉडल स्कूल के प्राचार्य जितेंद्र बघेल, शिक्षकगण, न्यायालयीन कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ